
ऋषिकेश, 11 नवम्बर (दिलीप शर्मा) : उत्तराखंड की बेटी प्रज्ञा जोशी ने बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित विश्व सीनियर जुजित्सु चैंपियनशिप–2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर ऋषिकेश विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैम्प कार्यालय ऋषिकेश में प्रज्ञा का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि प्रज्ञा जोशी विश्व स्तर पर पदक जीतने वाली उत्तराखंड की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने कहा, “प्रज्ञा की उपलब्धि यह संदेश देती है कि लगन, परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न योजनाएँ चलाई जा रही हैं, जिनसे प्रज्ञा जैसी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में छात्र संघ अध्यक्ष मयंक भट्ट, दीपक बिष्ट, गोपाल सती, खेल प्रेमी एवं अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।









