


ऋषिकेश, 24 नवंबर(दिलीप शर्मा): गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रेलवे रोड स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा, जोगीवाला माफी (छिद्दरवाला) स्थित गुरुद्वारा तथा डोईवाला स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संगत को गुरुपर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, करुणा, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं। गुरु नानक देव जी का ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का सिद्धांत हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा को सर्वोपरि बताया। उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है।
दो गुरुद्वारों के विकास के लिए 5 लाख की घोषणा
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने जोगीवाला माफी स्थित गुरुद्वारे में पूर्व में विधायक निधि से दिए गए 5 लाख रुपये के लिए सरदार त्रिलोचन सिंह द्वारा आभार व्यक्त करने पर धन्यवाद दिया। साथ ही गुरुद्वारे के शेष विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए विधायक निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

वहीं, रेलवे रोड स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में उन्होंने गुरुद्वारे के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस प्रकार दोनों गुरुद्वारों के विकास के लिए कुल 5 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर ऋषिकेश में मेयर शंभू पासवान, सरदार मुन्ना सिंह, गोविंद सिंह और परमजीत सिंह सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। डोईवाला में गुरुद्वारा प्रधान सरदार गुरदीप सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह और गुरमुख सिंह सहित संगत उपस्थित रही। वहीं, जोगीवाला माफी में गुरप्रीत सिंह, तरणजीत सिंह, संदीप सिंह, समा पवार और शैलेंद्र रांगड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।



