ऋषिकेश-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, नौ की मौत, 25 घायल
गुल्लर पुल के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ दर्दनाक हादसा, हरिद्वार से चमोली जा रही बस हुई दुर्घटनाग्रस्त; जिलाधिकारी और एसएसपी ने एम्स पहुंचकर घायलों का जाना हाल


ऋषिकेश/टिहरी,17 नवंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुल्लर पुल के समीप मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उपतहसील पावकीदेवी क्षेत्र में गुल्लर पुल के समीप हुआ। बस संख्या UK09 PA 9779 हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में कुल 34 लोग सवार थे।
घटनास्थल पर सात की मौत, अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
प्रशासनिक विवरण के अनुसार, दुर्घटना में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एम्स ऋषिकेश ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस प्रकार हादसे में कुल नौ लोगों की जान चली गई।
मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48) निवासी ग्राम क्यूरी पोखरी, जिला रुद्रप्रयाग तथा परिचालक अनुज भंडारी (27) निवासी बडल बवाणी, शिवपुरी, टिहरी गढ़वाल भी शामिल हैं।
अन्य मृतकों की पहचान विक्की (37) निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), राजरॉय (56) निवासी जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), पुन्नू (55) निवासी मैखण्डी, कीर्तिनगर, सुशील प्रताप सिलोडी (56) निवासी गोपेश्वर, चमोली, दीपक गुप्ता (55) और विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश तथा रोहित कश्यप (35) निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
25 लोग घायल, एम्स ऋषिकेश में चल रहा उपचार
हादसे में घायल 25 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार, घायलों में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मध्य प्रदेश और दिल्ली के यात्री शामिल हैं।
घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी (22), प्रत्यूश (23), अभिषेक (28), संतोष कुमार (38), राहुल कुमार (24), बुधन मुर्मू (50), राजकुमार (32), नूरजहां (26), तीन वर्षीय आयरा, पंकज नेगी (31), जतिन (21), वीरेंद्र सिंह (58), खुशी भट्ट (19), सागर सिंह अनिल दुबे (21), मुन्ना सिंह (28), अर्जुन सौरन (34), परेश मराठी, आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, रामा प्रसाद घोष (62), पंकज कंडपाल (42), आशा पंत (64), अंजू (32), दर्शन सिंह (46) और नवीन (31) शामिल हैं।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, घायलों को एम्स ऋषिकेश और एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश पहुंचाया गया। एसपीएस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने एम्स पहुंचकर जाना घायलों का हाल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, तहसीलदार नरेंद्रनगर सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीमों को तत्काल सूचित किया गया। मौके पर एंबुलेंस, पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों और चिकित्सकों से मुलाकात की तथा घायलों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। वहीं, अपर जिलाधिकारी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में मौजूद रहकर दुर्घटना से संबंधित जानकारियां लेते रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



