उत्तराखंडऋषिकेश

आईडीपीएल मैदान में 20 नवंबर को मनेगा ईगास पर्व, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण बिखेरेंगे लोक संस्कृति के रंग

पद्मश्री प्रीतम भरतवाण की लोक गायकी और जागरों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या, भैलो और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के भी होंगे आकर्षण

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से आगामी 20 नवंबर (शुक्रवार) को आईडीपीएल मैदान में ईगास पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी लोक गायकी और पारंपरिक जागरों की प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। समारोह में पारंपरिक भैलो, ढोल-दमाऊं की थाप और उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन भी मुख्य आकर्षण रहेंगे।

सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व महापौर अनीता ममगाईं ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में ईगास पर्व का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना तथा प्रदेश की लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है।

उन्होंने बताया कि समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि तथा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आमंत्रित किया गया है।

ममगाईं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि ईगास जैसे पारंपरिक पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत के प्रतीक हैं। सामूहिक सहभागिता से ही इन परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।

दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है ईगास पर्व

उत्तराखंड में ईगास (बग्वाल) पर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है। लोकमान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की सूचना पहाड़ी क्षेत्रों में देर से पहुंची थी। जब लोगों को उनके आगमन और विजय का समाचार मिला, तब उन्होंने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इसी परंपरा से ईगास पर्व मनाए जाने की मान्यता प्रचलित है।

एक अन्य लोकमान्यता के अनुसार, गढ़वाल के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी के तिब्बत युद्ध में विजय प्राप्त कर लौटने की खुशी में भी दीपोत्सव मनाया गया था। इस अवसर पर ग्रामीण घरों में दीप जलाते हैं, पारंपरिक पकवान बनाते हैं और भैलो खेलकर उत्सव मनाते हैं। ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से खुशियां साझा की जाती हैं। ईगास पर्व उत्तराखंड की लोक आस्था, वीरता, सामूहिकता और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक माना जाता है।

पत्रकार वार्ता में पार्षद सिमरन उप्पल, पार्षद राजेश कोठियाल, राजेश नौटियाल, घाट रोड व्यापार सभा अध्यक्ष पंकज शर्मा, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, गौरव कैंथोला और अजय बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button