
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के मायाकुंड में सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से 42वें वार्षिक मां काली पूजा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। देर शाम आयोजित महोत्सव में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर मां काली के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने डॉ. अग्रवाल का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात पुजारी भोला गोस्वामी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
महोत्सव के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मां काली की आराधना शक्ति, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करती है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष धनीराम मंडल, उपाध्यक्ष संजय दास, सचिव संदीप राजवंशी, सह सचिव तुषार बढ़ई, कोषाध्यक्ष पवन सिंह, पार्षद अजय दास, नामित पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, विश्वजीत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



