उत्तराखंडऋषिकेश

बंदरों के आतंक से निजात दिलाने और वन विभाग की सड़कों के सुधारीकरण की उठाई मांग

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक और वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रदेश के वन मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष उठाया। उन्होंने दोनों समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने और आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

गत दिवस ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के उत्पात और हमलों से आमजन परेशान हैं। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर निकलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के चलते क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बंदरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इसके अलावा डॉ. अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति सुधारने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए कैंपा (CAMPA) योजना के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वन मंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान

डॉ. अग्रवाल द्वारा उठाई गई समस्याओं पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित डीएफओ से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

इस पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं का निराकरण उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ-साथ शासन स्तर पर भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button