नाबालिग बालक से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, ऋषिकेश पुलिस ने दबोचा
वीरभद्र मंदिर के पीछे साईं घाट जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): नाबालिग बालक के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वीरपुर खुर्द, नेहरूग्राम निवासी एक महिला ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोहित पुत्र गोपाल सिंह ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 591/2026, धारा 62 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 5(एम)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में आईडीपीएल क्षेत्र में सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को टीम ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहित (23 वर्ष) पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी वीरपुर खुर्द, गली नंबर 12, विस्थापित कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 10 नवंबर की रात 9:20 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, कांस्टेबल उदयवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।



