गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार
30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड समेत लाखों का माल बरामद, चोरी में प्रयुक्त दो बाइक भी पुलिस ने की जब्त

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के गीतानगर स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले में एक अन्य आरोपी संदीप की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने 6 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार रोड पर गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, डेमो फोन और एचपी कंपनी के लैपटॉप चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालकर फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों का पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों से मिलान किया गया।
इसी क्रम में 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल चार व्यक्ति दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नटराज चौक से बाईपास रोड होते हुए श्यामपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया।
पांच लोगों ने मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए अधिकांश सामान को जंगल में छिपा दिया था। बाद में पांचों ने चोरी का सामान आपस में बांट लिया था और बरामद सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि कुछ मोबाइल फोन, आईपैड और लैपटॉप उनके साथी संदीप के पास हैं, जो गिरफ्तारी के समय उनके साथ मौजूद नहीं था।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य आरोपियों के कब्जे से भी मोबाइल फोन बरामद हुए। कुल 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
22 मोबाइल के आईएमईआई नंबर मिले चोरी के सामान से
पुलिस ने वादी की ओर से उपलब्ध कराए गए बिल और आईएमईआई नंबरों की सूची से बरामद सामान का मिलान किया। इसमें 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, दो लैपटॉप और एक आईपैड चोरी के मुकदमे से संबंधित पाए गए। इसके आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई। वहीं, दोनों मोटरसाइकिलों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- नितिन दास (19 वर्ष) पुत्र सुरेश दास, निवासी मुर्गी फार्म, रायवाला, देहरादून।
- अभिषेक थापा (20 वर्ष) पुत्र सोमपाल, निवासी प्रतीत नगर, रायवाला, देहरादून।
- योगेंद्र उर्फ दीपक (26 वर्ष) पुत्र श्याम कुमार, निवासी अहबाबनगर, कड़च्छ, थाना ज्वालापुर, हरिद्वार।
- रोहन (20 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण, निवासी अमर ज्योति स्कूल के निकट, लालतप्पड़, कोतवाली डोईवाला, देहरादून।
दो आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अभिषेक थापा के विरुद्ध थाना रायवाला में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में वर्ष 2024 और 2025 के दौरान चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी रोहन के विरुद्ध थाना रायवाला और ऋषिकेश में वर्ष 2021 से 2025 के बीच चोरी के पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य राज्यों और उत्तराखंड में भी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, एसओजी प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, राजकुमार सहित कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी के कुल 17 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी संदीप की तलाश में दबिश दी जा रही है।



