उत्तराखंडऋषिकेशक्राइमपुलिस बुलेटिन

कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार दूसरा नामजद आरोपी गिरफ्तार

शराब बिक्री की पुलिस को सूचना देने की बात पर हुआ था विवाद, दो युवकों पर किया गया था जानलेवा हमला

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): शराब बेचने की पुलिस को सूचना देने की बात को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दूसरे नामजद आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने उसे लक्कड़घाट रोड स्थित शिव मंदिर से करीब 200 मीटर आगे विस्थापित क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को आईडीपीएल कॉलोनी निवासी शुभम ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर शराब बेचे जाने की जानकारी पुलिस को देने की बात कहने पर संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके अन्य साथियों ने उसके तथा उसके साथी के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी और पाटल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 539/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 351(3) और 352 में अभियोग पंजीकृत किया था।

पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित की थी टीम

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। वहीं, दूसरा नामजद आरोपी जुगल किशोर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्कड़घाट रोड स्थित शिव मंदिर से करीब 200 मीटर आगे विस्थापित क्षेत्र से जुगल किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगल किशोर (52 वर्ष) पुत्र स्व. फूल सिंह, निवासी पुरानी जाटव बस्ती, रेलवे रोड, ऋषिकेश तथा वर्तमान निवासी अरुण त्यागी का मकान, गली नंबर-6, विस्थापित आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक बिनेश कुमार
  • कांस्टेबल कुलदीप (1095)
  • कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार (798)

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button