उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक जल्द बनेगी सड़क, पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया मुद्दा

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन और राजस्व की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, जल्द जीओ जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन

मुनिकीरेती(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुनिकीरेती आगमन के दौरान ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक के क्षतिग्रस्त एवं बदहाल मार्ग के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानियों से निजात मिल सके।

मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया। इसके बाद पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, प्रशासनिक एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।

स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने फोन पर पालिकाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि उक्त मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र शासनादेश (जीओ) जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि बीते वर्ष नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।

उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते स्थानीय निवासियों और राहगीरों को प्रतिदिन धूल-मिट्टी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पालिकाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button