जौनपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने दी 52 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
30 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ की 15 योजनाओं का किया शिलान्यास, थत्यूड़ सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा

थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 52 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 30 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है तथा तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने आधुनिक कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के प्रयासों की भी सराहना की।
थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय
इस दौरान मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। साथ ही धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवान बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी। क्षेत्र की विभिन्न सड़क निर्माण एवं डामरीकरण संबंधी मांगों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।
साहित्यकार को मिला जौनपुर रत्न सम्मान
महोत्सव में ग्राम पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास कार्यों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगें रखीं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



