
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

डॉ. अग्रवाल ने शीशम झाड़ी स्थित श्री नारायण स्वामी आश्रम, हरिद्वार रोड स्थित जयराम आश्रम तथा पुराना बस स्टैंड के समीप राजीव लोचन आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। वहीं, आवास विकास में आवास विकास कल्चरल एवं वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित भंडारे में शामिल होकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण, गौ-सेवा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उसके संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस दौरान विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों के पदाधिकारी, आयोजक, श्रद्धालु और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



