
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोक अस्मिता के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से गढ़ सेवा संस्थान की ओर से 17 नवंबर को 12वां गढ़ रक्षक महोत्सव (ईगास बग्वाल) धूमधाम से मनाया जाएगा। हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति की झलक के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम का संचालन आरजे काव्या करेंगी।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पारंपरिक भैलों का आयोजन और प्रसिद्ध पंडवाज बैंड का लाइव कॉन्सर्ट रहेगा। पंडवाज बैंड के कलाकार अपने लोकगीतों और पहाड़ी धुनों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और संगीत की छटा बिखेरेंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में पारंपरिक लोक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र राणा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि ईगास बग्वाल उत्तराखंड की लोक पहचान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और सामाजिक एकता से जुड़े रहने का संदेश देता है। संस्थान का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा जाए तथा लोक संस्कृति के संरक्षण को प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के उत्कृष्ट शिल्पकारों और समाजसेवियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से लोककला, शिल्प और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में लक्की ड्रॉ भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें 12 भाग्यशाली विजेताओं को 12 आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक्टिवा स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार मोबाइल फोन और तृतीय पुरस्कार साइकिल दी जाएगी। इसके अलावा नौ अन्य पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता का संचालन संस्था के सचिव गोपाल सती ने किया। इस अवसर पर संस्था के निदेशक देवेंद्र नेगी, मनोज ध्यानी, सुमित पंवार, ताजेंद्र सिंह नेगी, विजय रावत, दिनेश पायल, कौशल बिजलवान, अरुण बडोनी, भगवती प्रसाद रतूड़ी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



