उत्तराखंडऋषिकेश

राज्य आंदोलन में शामिल बसों का बकाया किराया दिलाने का मामला उठा, डॉ. अग्रवाल से मिले वाहन स्वामी

मुख्यमंत्री धामी के समक्ष प्रकरण उठाकर समाधान कराने का डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दिया आश्वासन, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान 2 अक्टूबर 1994 को आंदोलनकारियों के आवागमन एवं अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल की गई बसों का किराया आज तक नहीं मिलने का मामला एक बार फिर सामने आया है। टीजीएमओ कंपनी एवं यातायात कंपनी ऋषिकेश की बसों में कार्यरत चालक-परिचालकों और वाहन स्वामियों ने इस संबंध में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात कर बकाया किराये के भुगतान की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. अग्रवाल के ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा और बताया कि राज्य आंदोलन के दौरान उनकी बसों का उपयोग आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों में किया गया था, लेकिन संबंधित बसों का किराया आज तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने लंबे समय से लंबित इस प्रकरण का समाधान कराने की मांग की।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता करेंगे और बकाया किराये के भुगतान सहित प्रकरण के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में प्रत्येक आंदोलनकारी, संगठन और सहयोगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आंदोलन के दौरान अनेक लोगों ने अपने निजी संसाधनों, वाहनों और सेवाओं के माध्यम से आंदोलन को सहयोग दिया। ऐसे लोगों से जुड़े लंबित मामलों का समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य आंदोलन से जुड़े इस प्रकरण को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

इस दौरान शैलेंद्र सिंह नेगी, मनीराम जुयाल, एस.एस. राणा, कुलाराम पैन्यूली, मानसिंह रौतेला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button