
देहरादून(दिलीप शर्मा): तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे संवाद किया और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता और निवेश विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने, गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, लोकगीतों और लोकनृत्यों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मां नंदा देवी की महत्ता और नंदा राजजात पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के सहयोग से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



