उत्तराखंडटिहरी गढ़वालदुर्घटनामुनि की रेती

मुनि की रेती में बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई, बड़ा हादसा टला

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, बस में सवार थे 30 बच्चे और शिक्षक; पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित निकाला, चालक, हेल्पर और प्रधानाचार्य घायल

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराई। बस में सवार 30 बच्चों, शिक्षकों और अन्य लोगों में हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि थाना मुनि की रेती पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रेस्क्यू अभियान के चलते सभी बच्चों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में बस चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य को हल्की चोटें आईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे बस संख्या UP 83 AT 8300 फिरोजाबाद से लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान एवं भ्रमण के लिए आ रही थी। बस को चालक जयप्रकाश पुत्र ब्यासीलाल निवासी ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) चला रहे थे। पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और दीवार से टकरा गई। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं और शिक्षक सवार थे। दुर्घटना के समय बस में कुल 30 लोग मौजूद थे।

 

पुलिस ने तत्काल चलाया रेस्क्यू अभियान, सभी बच्चे सुरक्षित

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे सभी बच्चों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दुर्घटना में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

 

पुलिस ने बच्चों के ठहरने और खानपान की भी की व्यवस्था

 

हादसे के बाद पुलिस ने केवल रेस्क्यू तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी स्कूली बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, ताकि दुर्घटना के बाद उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस विद्यालय के शिक्षकों और संबंधित लोगों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित कर रही है।

 

ओवरलोडिंग पर पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई, एआरटीओ ने उतरवाई थीं 21 अतिरिक्त सवारियां

 

इस दुर्घटना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि संबंधित बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। पूर्व में एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए बस से 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था। ओवरलोडिंग के मामले में बस का चालान भी किया गया था।

 

ढलान के कारण दुर्घटनाओं की आशंका, सड़क सुधार के लिए पहले ही लिखा जा चुका है पत्र

 

पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क का अत्यधिक ढलान भी दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। इस क्षेत्र में पूर्व में भी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पूर्व में ही पत्राचार किया जा चुका है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और जांच कर रही है। हादसे के बाद पुलिस की त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई, घायलों को उपचार दिलाने तथा बच्चों के ठहरने और खानपान की व्यवस्था ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ मानवीय संवेदनशीलता की भी मिसाल पेश की।

Related Articles

Back to top button