गांजा तस्करी के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई; गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस एक्ट के आठ मुकदमे

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रामअवतार (48) को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान उसका नाम गांजा तस्करी के मामले में सामने आया था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को आईडीपीएल चौकी पुलिस टीम ने गोल चक्कर आईडीपीएल के पास चेकिंग के दौरान नौरंगी लाल (54) निवासी ग्राम नगला भम्बू जाट, थाना सासनी, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया था। आरोपी मोटरसाइकिल संख्या UK07DY-8716 से 3 किलो 95 ग्राम अवैध गांजा लेकर जा रहा था। इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 325/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी नौरंगी लाल से पूछताछ की। साथ ही उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में रामअवतार पुत्र महेश्वर सैनी निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश, हाल निवासी गली नंबर-10, गुज्जर बस्ती श्यामपुर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि रामअवतार ने नौरंगी लाल से गांजा मंगवाया था।
इसके आधार पर उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह ने 13 नवंबर को रामअवतार को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मूल मुकदमे में धारा 29 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रामअवतार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2015, 2017, 2020, 2022, 2023, 2024 और 2026 में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आठ मुकदमे एनडीपीएस एक्ट से संबंधित हैं, जबकि एक मुकदमा भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दर्ज है।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह, कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।



