उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड चोरी प्रकरण में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक छह गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने चोरी के मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किए बरामद, 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के गीतानगर स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, एयर स्पीकर और स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 585/2026 में बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही पुराने अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालते हुए फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों का पूर्व में जेल जा चुके अपराधियों से मिलान किया गया।

नौ नवंबर को चार आरोपी हुए थे गिरफ्तार

पुलिस ने 9 नवंबर को आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोबाइल की दुकान में चोरी करना स्वीकार किया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म, रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर, रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी अहबाबनगर, कड़च्छ, ज्वालापुर और रोहन निवासी लालतप्पड़, डोईवाला के रूप में हुई थी। इनके कब्जे से 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और चोरी की घटना में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई थीं।

रायवाला और नेपाली फार्म के पास से दो वांछित आरोपी दबोचे

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 14 नवंबर को उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र में आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रायवाला थाने से कुछ आगे चाय की टपरी के पास एक व्यक्ति मौजूद है, जिसके पास गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड से चोरी किया गया मोबाइल फोन है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस (26) निवासी प्रतीत नगर, रायवाला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान दुकान स्वामी द्वारा उपलब्ध कराए गए बिल और सूची से किया गया, जिसमें मोबाइल चोरी का पाया गया।

पूछताछ में शेखर ने बताया कि यह मोबाइल उसे अभिषेक ने दिया था और बताया था कि इसे सिटी गेट के पास स्थित मोबाइल की दुकान से चोरी किया गया है।

इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल एक अन्य वांछित आरोपी काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर नेपाली फार्म की ओर जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट (19) निवासी प्रतीत नगर, रायवाला के रूप में बताई।

बैग में मिला चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान

पुलिस के अनुसार, संजीव ने पूछताछ में अभिषेक, रोहन, नितिन और दीपक के साथ मिलकर दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के बाद उसके हिस्से में आया कुछ सामान छिपाकर वह निजी काम से हरियाणा चला गया था। वापस लौटने के बाद वह चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में छिद्दरवाला की ओर जा रहा था।

पुलिस ने उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें एक इनफिनिक्स जीटी मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, एक इनफिनिक्स एक्सपैड टैबलेट, दो जेबीएल एयर स्पीकर (जिनमें एक टूटा हुआ है) और एक फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच बरामद हुई। बरामद मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट के आईएमईआई नंबर एवं सीरियल नंबर का दुकान स्वामी द्वारा उपलब्ध कराए गए बिलों और विवरण से मिलान किया गया, जो सही पाए गए।

न्यायालय में पेश किए जा रहे दोनों आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सामान सील करते हुए कब्जे में ले लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौहान (1009) और कांस्टेबल रमेश मैठाणी (441) शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड चोरी प्रकरण का खुलासा करते हुए अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी भी की गई है।

Related Articles

Back to top button