
ऋषिकेश,14 नवंबर(दिलीप शर्मा): बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल में आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न सदनों की ओर से आकर्षक स्टाल लगाए गए थे। डॉ. अग्रवाल ने स्टालों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौरा देवी सदन तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सी.वी. रमन सदन सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
विद्यालय में फर्नीचर के लिए पांच लाख देने की घोषणा
विद्यालय में फर्नीचर की आवश्यकता को देखते हुए डॉ. अग्रवाल ने विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास होने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलते हैं।

डॉ. अग्रवाल ने अभिभावकों और शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने में परिवार एवं विद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय के दूसरे छोर पर लगाए गए खाद्य पदार्थों के स्टालों का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णानंद बिजल्वाण, पीटीए संघ अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यापिका विभा कपूर, गंभीर सिंह तड़ियाल, आईडीपीएल के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी, हॉकी कोच ओम प्रकाश गुप्ता, कार्यक्रम संचालक एवं पीटीआई पंकज सती, प्रवक्ता नरेंद्र रावत तथा एनएससी प्रभारी सुशील रावत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



