
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मां सुरकंडा देवी डोली उपासक अजय बिजल्वाण ने महापौर शम्भू पासवान के परिवार के साथ श्रद्धा एवं उल्लास से छठ महापर्व मनाया। इस दौरान सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर एवं छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
पूजा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक छठ गीतों से घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। अजय बिजल्वाण एवं महापौर शम्भू पासवान के परिवार ने भी समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की मंगलकामना की।
इस अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की विशेष चहल-पहल रही। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना, लोकगीतों और प्रसाद वितरण ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया। छठ पूजा के इस आयोजन ने लोक आस्था, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।



