स्वच्छता में मुनि की रेती नगर पालिका ने उत्तराखंड में जनसंख्या के आधार पर हासिल किया पहला स्थान
प्रदेशभर के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की संयुक्त रैंकिंग में मिली चौथी रैंक; चीनी गोदाम-ढालवाला सड़क निर्माण का शासनादेश जारी होने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): स्वच्छता के क्षेत्र में नगर पालिका परिषद मुनि की रेती ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जनसंख्या के आधार पर स्वच्छता के मामले में नगर पालिका ने उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, प्रदेशभर के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की संयुक्त रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
शनिवार को नगर पालिका कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांवों की श्रेणी में भी स्वच्छता के मामले में नगर पालिका को प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि को नगर पालिका के सामूहिक प्रयासों और क्षेत्रवासियों के सहयोग का परिणाम बताया।
पालिका अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर नगर पालिका के समस्त पर्यावरण मित्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही क्षेत्र की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नगर पालिका भविष्य में भी स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
चीनी गोदाम से ढालवाला तक सड़क निर्माण का शासनादेश जारी
प्रेस वार्ता के दौरान पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने चीनी गोदाम से ढालवाला तक क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क निर्माण का शासनादेश जारी हो गया है।
शासनादेश जारी होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही लंबे समय से बनी हुई सड़क की समस्या का समाधान हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।



