उत्तराखंडजनता दरबारटिहरी गढ़वाल

जनता दर्शन में सीडीओ ने सुनीं 27 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

शेष मामलों में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, पुनर्वास, सड़क, पेयजल, बिजली और पेंशन से जुड़ी समस्याएं उठीं

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में पुनर्वास, प्रतिकर भुगतान, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास एवं पुलिया, सड़क, पेयजल और पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें एवं मांगपत्र प्रस्तुत किए गए। सीडीओ ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम जंगलेथ निवासी सुशीला देवी ने आपदा में मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद अन्यत्र विस्थापन के लिए अवशेष धनराशि उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विकासखंड जौनपुर के ग्राम झकोगी निवासी जबर सिंह ने झकोगी के बंग्याल ज्वारन मोटर मार्ग पर भौकियाल से उसत्याण तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर लोक निर्माण विभाग चंबा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नई टिहरी के मॉडल हाउस निवासी सत्य प्रसाद नौटियाल ने अधिक विद्युत बिल आने और बिजली का मीटर बदलने की शिकायत की। इस पर विद्युत विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, विकासखंड चंबा के ग्राम बौर निवासी आजाद सिंह ने अपनी भूमि पर जबरन विद्युत पोल लगाए जाने तथा कई दिनों से पोल हटाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने की शिकायत की। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी माध्यम है। प्रशासन प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके और लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button