स्काउट एवं गाइड के पांच दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर में विद्यार्थी सीख रहे आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा के गुर
एसडीआरएफ ने दी आपदा प्रबंधन की जानकारी, डॉक्टरों ने बताया प्राथमिक उपचार का महत्व; हाइकिंग के दौरान बच्चों को दिलाई स्वच्छता की शपथ


मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर का आयोजन 15 से 19 नवंबर तक श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला, मुनि की रेती में किया जा रहा है। शिविर में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों से आए विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। पांच दिवसीय इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आपदा के समय बचाव एवं राहत कार्यों की समझ विकसित करना है।
शिविर के प्रथम दिवस पंजीकरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दूसरे दिन विद्यार्थियों को ध्वज शिष्टाचार सहित स्काउट एवं गाइड से संबंधित विभिन्न सैद्धांतिक जानकारियां दी गईं। इस दौरान राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा के तरीकों से अवगत कराया।
शिविर के तीसरे दिन चिकित्सक द्वारा विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही तृतीय सोपान के अंतर्गत आने वाली विभिन्न प्रकार की गांठों के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान हाइकिंग का भी आयोजन किया गया। हाइकिंग के दौरान अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता के महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में बताते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शिविर का आयोजन भारत स्काउट एवं गाइड टिहरी गढ़वाल की मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती कमला बड़वाल के निर्देशन में किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला सचिव बीपी सिंह यादव, जिलायुक्त आरसी रतूड़ी, जिला प्रशिक्षणायुक्त केएल शाह, जिला प्रशिक्षणायुक्त गाइड श्रीमती अनिता उनियाल, जिला संगठनायुक्त गाइड श्रीमती अंजू रानी शर्मा, जिला संगठनायुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठनायुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, जिला सह प्रशिक्षणायुक्त प्रेम सिंह राणा, कोषाध्यक्ष बिरेंद्र कुड़ियाल, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा, दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटिंजेंट लीडर उपस्थित रहे।



