

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली ‘समरसता संकल्प यात्रा’ की तैयारियों पर चर्चा की।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश देने वाली यह यात्रा पंजाब से प्रारंभ होकर पांवटा साहिब होते हुए 24 नवंबर को संगठनात्मक जिला ऋषिकेश में प्रवेश करेगी। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का नेपाली फार्म तिराहे पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने की अपील की। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र बिष्ट, दीपक बिष्ट, सतपाल राणा, सोबन कैंतुरा, विनय पासवान, पार्षद मुस्कान, निखिल बर्थवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



