

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन बहुमंजिला कार्यालय भवन एवं बहुमंजिला पार्किंग परियोजना को जल्द पूरा करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर शम्भू पासवान ने दोनों निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और इन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम के नए बहुमंजिला कार्यालय भवन के तैयार होने से निगम की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शहर की बिगड़ती यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। पार्किंग सुविधा विकसित होने से सड़कों के किनारे अनियोजित तरीके से वाहन खड़े होने की समस्या कम होगी और आमजन को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तेजी के साथ-साथ निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन भी अनिवार्य है। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने और कार्यदायी संस्था से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, उपखंड अधिकारी रुपेश चंद्र, जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज त्रिपाठी सहित संबंधित ठेकेदार एवं नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



