

ऋषिकेश, 21 नवंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। शनिवार को ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मां का स्थान प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सर्वोपरि होता है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद अनमोल होता है। मां को खोने का दुख जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन और दुखद घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर शंभू पासवान, किशन मंडल, चंदू यादव, सूरज शर्मा, राजकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



