चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
22 नवंबर से 2 दिसंबर तक बादशाहीथौल में होगा आयोजन, बिजली, पानी, सफाई और संपर्क मार्ग की व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश


चम्बा/टिहरी(दिलीप शर्मा): आगामी 22 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बादशाहीथौल स्थित मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की मरम्मत समय से पूरी करने तथा वन विभाग को कार्मिकों की नियमित तैनाती के निर्देश दिए।
मेला समिति की ओर से पुराने मंच को हटाने की मांग पर डीएम ने विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने को कहा। इसके बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम निरीक्षण कर रिपोर्ट देगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महोत्सव में स्थानीय एवं अन्य क्षेत्रों के लोक कलाकारों और गायकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति, लोककला और पर्यटन को बढ़ावा देते हैं।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दुग्ध संघ अध्यक्ष सुशील रावत, मेला समिति के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



