उत्तराखंडऋषिकेश

रानी लक्ष्मीबाई साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रतीक : स्वामी चिदानन्द सरस्वती

परमार्थ निकेतन में वीरांगना की जयंती पर अर्पित की गई भावभीनी श्रद्धांजलि, बेटियों को आत्मनिर्भर और निर्भीक बनने का दिया संदेश

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर परमार्थ निकेतन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना ही नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मसम्मान, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रतीक हैं। उनका जीवन पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से विदेशी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर देश की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन विशेष रूप से देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। बेटियों को उनसे आत्मविश्वास, निर्भीकता, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के गुण सीखने चाहिए। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वामी जी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा समाज बनाना आवश्यक है, जहां हर बेटी निर्भय होकर अपने सपनों को साकार कर सके और प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा, एकता एवं सद्भाव की भावना हो। यही वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Back to top button