इगास-बग्वाल पर्वउत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

इगास पर्व पर 1000 दीपों से जगमगाया देवप्रयाग का संगम तट

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक विनोद कंडारी ने किया दीप प्रज्वलन, मां गंगा की भव्य आरती में हुए शामिल

देवप्रयाग/टिहरी(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था के प्रतीक इगास पर्व के अवसर पर संगम नगरी देवप्रयाग में भव्य दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संगम तट पर 1000 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की जगमगाहट से पूरा संगम क्षेत्र रोशनी से नहा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

दीप महोत्सव में उत्तराखंड सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने संगम तट पर आयोजित भव्य मां गंगा की आरती में प्रतिभाग कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की अध्यक्ष ममता देवी, उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर संगम तट पर दीपों की आकर्षक छटा और मां गंगा की भव्य आरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।

आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मान्यताओं को संजोने के साथ ही इगास पर्व के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा। दीपोत्सव के माध्यम से संगम नगरी देवप्रयाग में लोक संस्कृति और आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button