उत्तराखंडऋषिकेशजनता दरबार

बापूग्राम सहित प्रभावित क्षेत्रों को किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं दिया जाएगा : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

सुमन विहार में जनता मिलन कार्यक्रम में विधायक ने क्षेत्रवासियों को दिया भरोसा, बोले- प्रभावित परिवारों के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सुमन विहार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बापूग्राम वन भूमि प्रकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

जनता को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने बापूग्राम वन भूमि प्रकरण पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र को किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होना इस बात का संकेत है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावित जनता के साथ खड़ी है। सरकार की सकारात्मक मंशा के चलते ही प्रभावित क्षेत्र के विरुद्ध आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम, मीरानगर, 20 बीघा सहित आसपास के क्षेत्रों में हजारों परिवार निवास करते हैं। इस प्रकरण से इन परिवारों की भावनाएं, उनके आशियाने और भविष्य जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने और क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने लगातार शासन एवं सरकार के समक्ष इस विषय को उठाया है। इस दिशा में अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा और इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा।

विधायक के प्रयासों से प्रभावित परिवारों में जगी उम्मीद : पूनम डोभाल

कार्यक्रम में पार्षद पूनम डोभाल ने कहा कि बापूग्राम वन भूमि प्रकरण में विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल की ओर से सकारात्मक एवं संतोषजनक कार्रवाई की गई है। उन्होंने विधायक और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से प्रभावित क्षेत्र के लोगों में उम्मीद और भरोसा जगा है।

जनता मिलन कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, पार्षद सुमन रावत, मंडल मंत्री अनिल कुमार, मंडल उपाध्यक्ष बालम सिंह रावत, गोविंद रावत, दिनेश बिष्ट, कोमल रानी, टीना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button