उत्तराखंडऋषिकेश

भूमिगत विद्युत लाइन के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने के दिए निर्देश

  • कुंभ निधि से प्रस्तावित विद्युत कार्यों का मांगा ब्योरा, निर्बाध बिजली आपूर्ति और नए कनेक्शन देने में आमजन को राहत पहुंचाने पर दिया जोर

ऋषिकेश,19 नवंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रहे भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ मेले के तहत विद्युत विभाग की ओर से किए जाने वाले कार्यों और नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन की स्थिति की भी जानकारी ली।

बैठक में डॉ. अग्रवाल ने भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़कों की खुदाई के कारण आमजन को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग इन स्थानों पर चोटिल भी हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खोदी गई सड़कों को तत्काल समतल कर आवागमन सुचारु किया जाए। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने चेंबर निर्माण पूरा होने के बाद सड़कों को दुरुस्त करने की बात कही। इसके बाद डॉ. अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

50 ट्रांसफार्मर होंगे स्थापित, स्थानीय लोगों से बनाएं समन्वय

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि भूमिगत विद्युत लाइन परियोजना के तहत क्षेत्र में लगभग 50 ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं, वहां स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। अधिकारियों को लचीला रुख अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि आपसी संवाद और सहयोग से कार्यों को आगे बढ़ाया जाए, ताकि अनावश्यक विरोध या बाधा उत्पन्न न हो।

रोस्टिंग पर रोक और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश

विधायक ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में विद्युत रोस्टिंग नहीं होनी चाहिए और आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नए विद्युत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विभागीय अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उपभोक्ताओं के कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

पार्किंग और कुंभ निधि के कार्यों की भी समीक्षा

बैठक में बहुमंजिला निर्माणाधीन पार्किंग में विद्युत विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा डॉ. अग्रवाल ने कुंभ निधि से विद्युत विभाग द्वारा प्रस्तावित एवं किए जाने वाले कार्यों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इन कार्यों की प्रगति और तैयारियों की जानकारी मिल सके।

लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरतता है अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं करता है तो उसका कार्य तत्काल रुकवाकर उसे हटाने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो और परियोजनाएं समय पर पूरी की जा सकें।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सहायक अधिशासी अभियंता गुरदीप सिंह एवं सहायक अधिशासी अभियंता रुपेश उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button