लक्ष्मणझूला घाट पर बड़ा हादसा, गंगा में बहा आगरा का छात्र; देर शाम तक नहीं मिला सुराग
स्कूल भ्रमण पर 32 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के साथ ऋषिकेश आया था छात्र, SDRF के डीप डाइवर्स ने चलाया सर्च ऑपरेशन; अंधेरा होने पर रोका अभियान


लक्षमण झूला/पौड़ी(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान आगरा का एक 15 वर्षीय स्कूली छात्र तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद SDRF, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने छात्र की तलाश में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। अंधेरा होने और रात में रेस्क्यू अभियान चलाने में आ रही कठिनाइयों के चलते फिलहाल सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। शुक्रवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा से 32 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों का दल स्कूल भ्रमण पर ऋषिकेश आया हुआ था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे लक्ष्मणझूला पुल के समीप स्थित घाट पर विद्यार्थी गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 वर्षीय छात्र अंश परमार पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी रोहता, आगरा गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया।
छात्र के नदी में बहने पर साथ मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने शोर मचाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस के जवानों और स्थानीय लोगों ने छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम के डीप डाइवर्स ने नदी में उतरकर लापता छात्र की तलाश शुरू की। काफी देर तक नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल पाया।
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में आ रही दिक्कतों को देखते हुए देर शाम सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। SDRF के अनुसार, शुक्रवार को पुनः व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया जाएगा।
वहीं, घटना की जानकारी लक्ष्मणझूला पुलिस ने छात्र के परिजनों को दे दी है। घटनास्थल पर लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं। SDRF की टीम लापता छात्र की तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



