जनगणना-2027 : देवप्रयाग और घनसाली विधायकों ने की स्वगणना
जनपदवासियों से स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की अपील, कहा- स्वगणना से आसान और सुगम होगी जनगणना की प्रक्रिया


टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): जनगणना-2027 के अंतर्गत देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी एवं घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान जनपद से नियुक्त मास्टर ट्रेनर ने दोनों विधायकों को स्वगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं।
स्वगणना के बाद दोनों विधायकों ने जनपदवासियों से भी जनगणना-2027 के तहत अपनी स्वगणना अनिवार्य रूप से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार और परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर सकता है। इससे जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज होने के साथ ही जनगणना की प्रक्रिया भी अधिक सरल और सुगम बनेगी।
विधायकों ने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर लेने से गणनाकर्ताओं के घर पहुंचने पर आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने में आसानी होगी। इससे गणनाकर्ताओं और आमजन दोनों का समय बचेगा तथा जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा।
उन्होंने जनपदवासियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने और समय रहते अपनी स्वगणना पूरी करने का आह्वान किया।



