उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार गंभीर, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जिला चिकित्सालय की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार, डीपीआर पर टीएचडीसी से मांगी गई अद्यतन स्थिति

टिहरी/देहरादून(दिलीप शर्मा): टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के आठवें दिन सरकार और आंदोलनकारियों के बीच सकारात्मक पहल हुई। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में वन भवन, देहरादून में टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार कर ली गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने समिति के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर गंभीर है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की पूर्व में तैयार डीपीआर पर टीएचडीसी को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर प्रस्ताव की अद्यतन स्थिति प्राथमिकता से उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलनकारियों की मांगों और जनभावनाओं को संवेदनशीलता से सुना। स्वास्थ्य सचिव ने आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा का हवाला देते हुए समिति से अनशन समाप्त कराने की अपील की।

बैठक के बाद देर शाम जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल बौराड़ी स्थित धरना स्थल पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों और शासन स्तर पर हो रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए अनशन समाप्त कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, समिति संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button