अनुशासन, सेवा और नेतृत्व का संदेश देकर संपन्न हुआ स्काउट-गाइड जांच शिविर
पांच दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर का समापन, पालिकाध्यक्ष नीलम बिज्लवाण ने मेधावी प्रतिभागियों को किया सम्मानित


मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला में आयोजित पांच दिवसीय जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। 15 से 19 नवंबर तक आयोजित इस शिविर का समापन नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण की अध्यक्षता में हुआ।

समापन समारोह में पालिकाध्यक्ष नीलम बिज्लवाण ने शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्काउट एवं गाइड गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और समाजसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर जिला सचिव बी.पी. सिंह यादव ने शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत करते हुए पांच दिवसीय आयोजन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। शिविर में तृतीय सोपान की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तीर्ण सभी प्रतिभागियों को आगामी राज्य पुरस्कार कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में जिलायुक्त आर.सी. रतूड़ी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह रावत, जिला प्रशिक्षण आयुक्त के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठन आयुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठन आयुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठन आयुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, प्रेम सिंह राणा, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा, दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटिंजेंट लीडर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



