लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ नई टिहरी, भैला पूजन के साथ मनाई गई ईगास बग्वाल
विधायक किशोर उपाध्याय और डीएम नितिका खण्डेलवाल ने भैला खेलकर दी लोकपर्व की शुभकामनाएं, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


नई टिहरी(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और वीरता की गौरवशाली विरासत का प्रतीक लोकपर्व ईगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) नई टिहरी में पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार देर सायं बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित ईगास बग्वाल समारोह में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। पारंपरिक भैला पूजन, भैला खेल और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभाग किया। दोनों ने जनपदवासियों को ईगास बग्वाल की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैला पूजन किया और भैला खेलकर लोकपर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन भी किया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत के प्रतीक : जिलाधिकारी
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि उत्तराखंड के स्थानीय लोकपर्व हमारी सभ्यता, संस्कृति और विशिष्ट पहचान के प्रतीक हैं। इन पर्वों को पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाना आवश्यक है, ताकि हमारी समृद्ध लोक परंपराएं जीवंत बनी रहें और आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने के साथ उससे जुड़ाव महसूस कर सकें।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभी सभासदों का आभार व्यक्त किया। साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगोली और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे बच्चों का उत्साहवर्धन होने के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विजन में योगदान देने के लिए भी सभी को प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, माधो सिंह भंडारी के शौर्य को किया याद
ईगास बग्वाल समारोह में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।
समारोह का विशेष आकर्षण वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन और अदम्य वीरता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। इस मंचन के माध्यम से कलाकारों ने उनके शौर्य, साहस और ऐतिहासिक योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित लोगों ने वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, सभासद प्रीति पोखरियाल, विनीत उनियाल सहित अन्य सभासद, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
ईगास बग्वाल का यह आयोजन न केवल लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दे गया, बल्कि नई पीढ़ी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक जड़ों, ऐतिहासिक गौरव और अपनी लोक विरासत से जोड़ने का भी माध्यम बना।



