

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): शिवपुरी में रविवार सुबह गंगा नदी में नहाते समय जयपुर, राजस्थान निवासी दो युवक-युवती डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। देर तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबने वालों की पहचान 26 वर्षीय लवेश साटीवाल पुत्र सुरेश साटीवाल निवासी जयपुर, राजस्थान और 27 वर्षीय चेतना मीणा पुत्री हरिशंकर मीणा निवासी प्रताप नगर, जयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लवेश राजस्थान सरकार के विद्युत विभाग में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों शनिवार को ही शिवपुरी पहुंचे थे और यहां स्थित कैम्प शिवपुरी में ठहरे हुए थे। उनके साथ उनके साथी राजकुमार मीणा और उनकी पत्नी भी मौजूद थे। रविवार सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच लवेश और चेतना अपने साथियों को बिना बताए घूमने के लिए निकल गए। इसके बाद दोनों गंगा किनारे पहुंचे और नदी में नहाने लगे। बताया गया कि इस दौरान उन्होंने फोन कर अपने साथियों को भी वहां बुलाया था।
इसी बीच जब उनके साथी राजकुमार मीणा गंगा किनारे पहुंचे तो दोनों वहां दिखाई नहीं दिए। तलाश करने पर किनारे पर उनके मोबाइल फोन और कपड़े रखे मिले, जबकि दोनों का कोई पता नहीं चल पाया। इस पर राजकुमार मीणा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों के गंगा में डूबने की आशंका जताई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और गंगा में दोनों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
गंगा में नहाते समय सावधानी बरतें: पर्यटकों से अपील है कि गंगा के तेज बहाव और गहराई वाले क्षेत्रों में उतरने से बचें तथा सुरक्षित चिह्नित स्थानों पर ही स्नान करें।



