होटल की नौकरी छोड़ सेब की बागवानी से संवारी तकदीर, सालाना 10 लाख तक कमाई
1000 सेब के पौधों से शुरू किया स्वरोजगार, 8 से 10 लोगों को दे रहे रोजगार; सौर ऊर्जा से सिंचाई कर बंजर खेतों में भी उगा रहे सब्जियां


टिहरी गढ़वाल, 22 नवंबर(दिलीप शर्मा): पहाड़ में रोजगार की तलाश में गांव छोड़कर शहर जाने वाले युवाओं के लिए जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया निवासी राजेश सजवाण प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। होटल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजेश ने उत्तराखंड सरकार की एप्पल मिशन योजना का लाभ उठाकर गांव लौटने का निर्णय लिया और सेब की बागवानी को आजीविका का आधार बना लिया।
राजेश ने वर्ष 2021-22 में 500 और वर्ष 2023-24 में 500 सेब के पौधे लगाए। इस प्रकार 1000 पौधों से शुरू हुई उनकी बागवानी आज सफल स्वरोजगार का उदाहरण बन चुकी है। योजना के तहत उन्हें 80 प्रतिशत सरकारी अनुदान मिला, जबकि 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं लगाई। वर्तमान में उनकी सालाना आय करीब 8 से 10 लाख रुपये है और वह 8 से 10 लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
उनकी सफलता से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। सिंचाई की समस्या दूर करने के लिए लघु सिंचाई विभाग के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप भी स्थापित कराया गया है। इससे पहले पानी के अभाव में बंजर पड़े खेतों में अब मटर, शिमला मिर्च और टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों का उत्पादन हो रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित है। इसके तहत किसानों को अनुदान के साथ तकनीकी सहयोग भी दिया जा रहा है।
राजेश सजवाण का कहना है कि पहाड़ के युवाओं को अपनी जमीन और संसाधनों का उपयोग कर बागवानी एवं कृषि को स्वरोजगार के रूप में अपनाना चाहिए। उनकी यह पहल साबित करती है कि सरकारी योजनाओं, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर न केवल पलायन रोका जा सकता है, बल्कि गांव में ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।



