उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीसड़क सुरक्षा अभियान

परिवार की खुशियों की खातिर हेलमेट जरूरी, एसएसपी श्वेता चौबे ने सड़क सुरक्षा का दिया मजबूत संदेश

मुनि की रेती में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा रैली को दिखाई हरी झंडी, चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारियों को भी निःशुल्क हेलमेट पहनाकर किया जागरूक

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जिंदगियों को बचाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस लगातार सराहनीय पहल कर रही है। इसी क्रम में यातायात निदेशालय उत्तराखंड के निर्देशों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपदभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।

मुनि की रेती क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठने वाली सवारियों को भी निःशुल्क हेलमेट वितरित किए और स्वयं हेलमेट पहनाकर उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

चालक के साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट जरूरी

एसएसपी श्वेता चौबे ने आमजन को संदेश दिया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई या चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोटों से बचाकर जीवन की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

टिहरी पुलिस की पहल बनी सड़क सुरक्षा का प्रेरक संदेश

टिहरी पुलिस की यह पहल केवल यातायात नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाती है। निःशुल्क हेलमेट वितरण और स्वयं हेलमेट पहनाकर जागरूक करने जैसे प्रयास निश्चित रूप से आमजन में सकारात्मक संदेश पहुंचाने वाले हैं।

टिहरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए पहनें। आपकी छोटी-सी सावधानी आपके परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकती है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे सकती है।

टिहरी पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना की जानी चाहिए, क्योंकि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार यातायात व्यवहार ही दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Related Articles

Back to top button