स्वामी चिदानंद सरस्वती ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को गंगा आरती में शामिल होने का दिया न्योता
गंगा संरक्षण, भारतीय संस्कृति और पर्यावरणीय चेतना पर हुई सार्थक चर्चा, मुख्यमंत्री ने स्वामी जी को कोलकाता में गीता महोत्सव का दिया आमंत्रण


पश्चिम बंगाल/ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दू अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन की विश्वविख्यात गंगा आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। भेंट के दौरान भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, संस्कृति, नदी संरक्षण और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुभेन्दु अधिकारी ने स्वामी चिदानंद सरस्वती को 29 दिसंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित होने वाले भव्य गीता महोत्सव में सहभाग करने के लिए आमंत्रित किया।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री को परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मां गंगा भारत की आत्मा, आस्था, संस्कृति और सभ्यता की जीवनदायिनी धारा हैं। गंगा करोड़ों लोगों की आजीविका और अस्तित्व का आधार हैं। गंगा आरती केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि परमार्थ निकेतन की गंगा आरती ने भारतीय सनातन परंपरा, योग, अध्यात्म और पर्यावरण चेतना को वैश्विक पहचान दिलाई है। प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और विश्वबंधुत्व की भावना का अनुभव करते हैं।
स्वामी जी ने पश्चिम बंगाल की गौरवशाली आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि श्रीरामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद जैसे महान संतों एवं महापुरुषों की तपस्या और विचार चेतना से समृद्ध रही है। बंगाल की भक्ति, शक्ति, साहित्य और संगीत ने भारतीय समाज को सदैव नई दिशा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि गंगा और बंगाल का संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि गहरा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जुड़ाव भी है। गंगा की पावन धारा बंगाल की धरती को सिंचित करते हुए गंगासागर में समुद्र से मिलती है। यह भारत की सांस्कृतिक एकता और सभ्यतागत निरंतरता का प्रतीक है।
भेंट के अंत में स्वामी चिदानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री को ऋषिकेश आकर मां गंगा की दिव्य आरती में सहभाग करने का पुनः आमंत्रण दिया तथा उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। यह मुलाकात भारतीय आध्यात्मिक विरासत, गंगा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।



