टिहरी में 46,953 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
22 नवंबर को 523 बूथों पर चलेगा प्रतिरक्षण अभियान, 1,992 कार्मिकों की होगी तैनाती; कोई भी बच्चा खुराक पीने से न छूटे : सीडीओ




नई टिहरी,(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में आगामी 22 नवंबर को उपराष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 46,953 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद में 523 बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां 1,992 कार्मिक और 105 सुपरवाइजर तैनात रहेंगे।

सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बताया गया कि कुल 523 बूथों में से 473 पर्वतीय क्षेत्रों में और 50 ढालवाला क्षेत्र में बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 946 तथा ढालवाला क्षेत्र में 17 टीमें गठित की गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में 23 और 24 नवंबर तथा ढालवाला क्षेत्र में 29 नवंबर तक घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को प्रतिरक्षित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए लक्षित बच्चों का सर्वेक्षण, बूथों पर पर्याप्त वैक्सीन की उपलब्धता और कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों के साथ ही प्रवासी परिवारों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों तक भी अभियान की पहुंच बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई कमियों पर चर्चा कर उनके समाधान की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसीएमओ एनएचएम डॉ. निधि रावत, सीएमएस नरेंद्रनगर डॉ. अमित राय, डीपीआरओ एम.एम. खान, डीपीओ संजय गौरव सहित विभिन्न चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





