आस्थाउत्तराखंडऋषिकेश

माँ भगवती की द्वितीय चौकी में गूंजे भजन, तरुण सागर ने बांधा समां

पारंपरिक विधि-विधान से हुआ माता का आवाहन, भजनों पर भक्तिभाव में झूमे श्रद्धालु; हजारों श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश जागरण समिति की ओर से गुरुवार को माँ भगवती की द्वितीय चौकी का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। माता की चौकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माँ भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालु माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान करते रहे।

समिति के अध्यक्ष धीरज चतरथ के नेतृत्व में आयोजित चौकी का मुख्य आकर्षण माँ भगवती का पारंपरिक आवाहन, माता की पक्की भेंट एवं छैने रहा। जागरण समिति की ओर से स्वयं आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। माता के आवाहन के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

तरुण सागर के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

माँ भगवती की चौकी में भजनों की प्रस्तुति देने के लिए दिल्ली से प्रसिद्ध भजन गायक तरुण सागर पहुंचे। उन्होंने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर तक भक्तिरस में डुबोए रखा। तरुण सागर सा रे गा मा तथा टी-सीरीज से जुड़े रहे हैं और भजन गायन के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्म हाउसफुल में अभिनेता अक्षय कुमार के लिए भी गीत गाया है।

चौकी में तरुण सागर ने “लाल चोला सी दे दर्जी”, “दिल करदा मैया जी मेरा दिल करदा”, “माँ मैं तेनु की चढ़वां”, “सांसों की माला में सिमरूं मैं” और “मेला मैया दा” सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ भजन गायक का उत्साह बढ़ाया।

विभिन्न शहरों की जागरण समितियों ने दर्ज कराई उपस्थिति

कार्यक्रम में देहरादून जागरण समिति, रुड़की जागरण समिति और हरिद्वार जागरण समिति के सदस्यों ने भी पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विभिन्न स्थानों से आए समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष धीरज चतरथ, उपाध्यक्ष हरेन्द्र सैनी, हिमांशु शर्मा, महामंत्री सतीश सचदेवा, मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ चतरथ, सौरभ राज, पंडित पवन गौड़ियाल, विशाल गौड़, पं. ज्योति शर्मा, पुखराज, प्रियांशु, कृष्णा शर्मा, सूरज, योगेश वर्मा, पार्षद प्रिंस मनचंदा, योगेश कलड़ा, आलोक चावला, केके सचदेवा, अजय ब्रेजा, राजेश, रोहित, सोनू, भानु पांडे, नितिन, दक्षेश मनचंदा, मनीष छावड़ा, रवि ढिड़ियाल, राजीव कालड़ा, गोपाल नारंग, सुरेश, राजपाल, अनीता ममगाईं, खरोला, सीमा चचरा, संजय शर्मा, हिमांशु बजाज सहित अन्य श्रद्धालुओं और समिति पदाधिकारियों का सहयोग रहा।

आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने माँ भगवती के जयकारे लगाते हुए परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात तक चले धार्मिक आयोजन के अंत में माँ भगवती की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। चौकी में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया।

Related Articles

Back to top button