उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीस्वच्छता

स्वच्छ भारत दिवस पर छात्र-छात्राओं और आदर्श परिवारों का सम्मान

‘कबाड़ से जुगाड़’ में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, स्रोत पर कचरा पृथक्करण करने वाले परिवारों को भी मिला सम्मान

मुनि की रेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): स्वच्छ भारत दिवस एवं गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद मुनि की रेती–ढालवाला की ओर से स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं और परिवारों को सम्मानित किया गया।

नगर पालिका कार्यालय में 2 अक्टूबर को आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालयों में आयोजित ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को उनके रचनात्मक प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल कर आकर्षक कलाकृतियां, खिलौने और विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुपयोगी सामग्री के पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वान एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मक भागीदारी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

 

स्रोत पर कचरा अलग करने वाले परिवार भी सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान घर से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण कर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग उपलब्ध कराने वाले परिवारों को भी सम्मानित किया गया। ऐसे परिवारों को ‘आदर्श परिवार’, ‘स्वच्छता प्रहरी’ एवं ‘स्वच्छता दूत’ के रूप में सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।

सम्मानित परिवारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नगरवासियों से अपील की कि कचरे को घर से ही अलग-अलग रखना प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण करे तो कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, पुनर्चक्रण और स्वच्छ नगर निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग मिल सकता है।

गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील

नगर पालिका की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और कचरा केवल अधिकृत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन को ही दें। पालिका ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही मुनि की रेती–ढालवाला को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल नगर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में नगर पालिका की ओर से ‘मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी—स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण हमारी जिम्मेदारी’ का संदेश दिया गया। स्वच्छता ही सेवा–2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, स्वास्थ्य लिपिक अनुज कैंतूरा, कनिष्ठ लिपिक अनुज, अमित नेगी, संजय, प्रधान सहायक कैलाश सेमवाल, कर निरीक्षक आकाश सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पर्यावरण पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button