उत्तराखंडदेहरादून

नालापानी चौक पर दिनदहाड़े महिला के अपहरण के प्रयास से हड़कंप, महिला आयोग सख्त

वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, तीन विशेष जांच टीमें गठित

देहरादून,(दिलीप शर्मा): राजधानी देहरादून के नालापानी चौक क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के अपहरण के कथित प्रयास का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो वायरल होने पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नालापानी चौक के समीप रहने वाली एक महिला बुधवार सुबह अपनी बेटी को कॉलेज बस के लिए चौक पर छोड़ने गई थी। बेटी को बस में बैठाने के बाद महिला स्कूटी से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान काली कार में सवार कुछ नकाबपोश लोगों ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और उसे जबरन कार में खींचकर ले जाने का प्रयास किया।

महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बदमाशों का विरोध किया। इसी दौरान आसपास मौजूद नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर शोर मचाया और बदमाशों का विरोध किया। महिलाओं के तत्काल हस्तक्षेप से आरोपियों के मंसूबे विफल हो गए और वे मौके से फरार हो गए। महिला आयोग ने पीड़िता के साहस तथा घटना के दौरान तत्परता दिखाने वाली महिला सफाई कर्मचारियों की सराहना की है।

आयोग अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से की सीधी वार्ता

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस अधीक्षक (देहात) जया बलूनी और क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर थाने में मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

पुरानी रंजिश से लेकर आपराधिक साजिश तक हर पहलू की जांच के निर्देश

अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस को निर्देश दिए कि घटना के पीछे के कारणों की भी गहनता से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, सुनियोजित साजिश अथवा किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य सहित सभी संभावित पहलुओं को जांच के दायरे में रखा जाए।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार करने तथा मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने को कहा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के पीछे कौन लोग हैं, वे कहां से आए थे और उनका उद्देश्य क्या था, इन सभी सवालों की जांच आवश्यक है।

“महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”

महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि राजधानी के व्यस्त क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के साथ इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ ऐसी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लग सके। अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस मामले की पुलिस जांच की प्रगति पर भी नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button