उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

9 नवंबर को उत्सव के रंग में रंगेगा टिहरी, राज्य आंदोलनकारियों का होगा सम्मान

सब हेडिंग: जिला मुख्यालय से सभी तहसीलों तक होंगे कार्यक्रम, विभागीय स्टॉलों के जरिए आमजन को मिलेगी योजनाओं की सौगात

टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 9 नवंबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही पात्र श्रमिकों को श्रमिक किट वितरित की जाएंगी।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से 6 नवंबर को प्रभात फेरी निकालने के साथ स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके विजेताओं को 9 नवंबर को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, 6 और 7 नवंबर को युवा महोत्सव भी आयोजित होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान राज्य की लोक संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाए।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, राज्य आंदोलनकारी डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button