



देवप्रयाग(दिलीप शर्मा): देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वैगनआर कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर पोस्ट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते दोनों मृतकों के शवों को राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार संख्या HR-68 C 1242 ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे का स्थान देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर स्थित है। कार में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरा।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तथा एसडीआरएफ श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। एसडीआरएफ टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वाहन में फंसे थे दो लोगों के शव
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान वाहन में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शवों को बाहर निकाला गया। दुर्घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और नदी मार्ग के कारण शवों को बाहर लाना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में एसडीआरएफ की टीमों ने राफ्ट की सहायता से नदी पार कर दोनों शवों को देवप्रयाग पहुंचाया। इसके बाद शवों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हादसे में ये लोग हुए घायल
दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान उत्तम सिंह (33), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18), पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग; और सुनीता देवी (45), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
मृतकों में 72 वर्षीय महिला और वाहन चालक शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर टीमों ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। दोनों मृतकों के शवों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की गई।





