



ऋषिकेश, 16 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): टिहरी जनपद के तपोवन क्षेत्र में नीरगढ़ बैंड के समीप शुक्रवार को एक लापता पर्यटक का शव बरामद हुआ। शव सड़क से करीब 40 मीटर नीचे दुर्गम ढलान पर झाड़ियों के बीच पड़ा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक और स्ट्रेचर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए तपोवन चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी उक्त पर्यटक अपने परिवार और मित्रों सहित कुल नौ लोगों के समूह में ऋषिकेश घूमने आया था। इसी दौरान वह लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर 12 अक्टूबर 2026 को थाना लक्ष्मणझूला में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार को तपोवन चौकी से करीब 500 मीटर आगे नीरगढ़ बैंड के पास सड़क से नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने सड़क से लगभग 40 मीटर नीचे दुर्गम ढलान पर झाड़ियों के बीच पड़े शव का जायजा लिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ढलान की चुनौती को देखते हुए टीम ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सावधानीपूर्वक शव को स्ट्रेचर के सहारे ढलान से ऊपर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए तपोवन चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों द्वारा शव की पहचान किए जाने के बाद पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
मृतक का नाम –
दत्ता राव पुत्र विट्ठल जगदी उम्र 65 वर्ष
पता – अनंतवाड़ी तालुकामां पोस्ट ऑफिस छिबरा महागाव महाराष्ट्र





