उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरमेला

पाण्डवाज बैंड की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक, देर रात तक गूंजा कुंजापुरी मेला

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की लोक संस्कृति के संरक्षण की पहल की सराहना, मेले में उमड़ी भीड़ से स्थानीय कारोबारियों में उत्साह

नरेंद्रनगर/टिहरी,(दिलीप शर्मा): ऐतिहासिक मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या पाण्डवाज बैंड के नाम रही। बैंड के कलाकारों ने पारंपरिक पहाड़ी संगीत और आधुनिक धुनों के अनूठे संगम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों की धुन पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

संगीत निर्देशक ईशांत डोभाल के नेतृत्व में पाण्डवाज बैंड के कलाकारों ने ‘राधा’, ‘म्योलड़ि’, ‘तिलगा’, ‘धाना’, ‘साम्ळौ’, ‘दारी अगास’, ‘जीतू बगड़वाल’ और ‘धुँयाल़’ समेत कई गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक ढोल-दमाऊ की थाप और आधुनिक संगीत की धुनों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। इस दौरान मुख्य गायिका अनन्या डोभाल और गायक दीपक रावत ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले के जरिए उत्तराखंड की लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के समापन पर मेला समिति और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पाण्डवाज बैंड के कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मेले में भीड़ से कारोबारियों के चेहरे खिले

मां कुंजापुरी मेले में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से बाजारों में रौनक बनी हुई है। मेले में बढ़ती भीड़ से स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और स्टॉल संचालकों को कारोबार में लाभ मिल रहा है। स्थानीय व्यापारी सुरेंद्र पुंडीर ने कहा कि मेले में उमड़ रही भीड़ से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने बेहतर आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला समिति, पुलिस प्रशासन और कैबिनेट मंत्री का आभार जताया।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए। पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन तथा मेला समिति के आपसी समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नगर पालिका सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, विनीता, ममता, आभा, आशा, रवि नेगी, द्वारिका प्रसाद जोशी, महेश गुसाईं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button