उत्तराखंडऋषिकेश

गंगा की निर्मलता का संकल्प लेकर दौड़े धावक, हिमालय की वीडियो में गूंजा संरक्षण का संदेश

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, 10 से 50 किलोमीटर की दौड़ में शामिल हुए प्रतिभागी 

ऋषिकेश,1 नवंबर(दिलीप शर्मा): गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को ऋषिकेश में पाँचवीं ‘गंगा सस्टेनेबिलिटी रन-ऋषिकेश हिमालयाज’ का आयोजन किया गया। ‘रन फॉर अ क्लीनर गंगा, रन फॉर अ बेटर टुमारो’ के संदेश के साथ आयोजित दौड़ का शुभारंभ परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने हरी झंडी दिखाकर किया।

विवेकानंद यूथ कनेक्ट फाउंडेशन की ओर से परमार्थ निकेतन के सहयोग से आयोजित इस दौड़ में 10, 21, 35 और 50 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गईं। दौड़ गंगा बैराज, नीलकंठ रोड से शुरू होकर जानकी सेतु के समीप निर्धारित स्थल पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता, जंगलों और गंगा तट के बीच दौड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि मां गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि भारत की जीवनधारा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं। गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में टीएचडीसी के प्रबंध निदेशक एवं निदेशक (वित्त) सिपान कुमार गर्ग, महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, उद्योगपति दिलीप लाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समापन पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button