उत्तराखंडऋषिकेशविकास कार्य

ऋषिकेश की दीवारों पर उकेरी जाएंगी आकर्षक कलाकृतियां, 93.14 लाख से होगा म्यूरल निर्माण

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर भित्तिचित्र निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): धर्मनगरी ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और पहल करते हुए ऋषिकेश कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कुल 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर 93.14 लाख रुपये की लागत से भित्तिचित्र (म्यूरल) बनाए जाएंगे। शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश को आधुनिक, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सड़क, पार्किंग, सीवरेज, पेयजल और विद्युत लाइनों के विस्तार के साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भित्तिचित्रों से शहर की दीवारों को आकर्षक स्वरूप मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को ऋषिकेश की सुंदर छवि देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य गतिमान हैं। शहर में बहुमंजिला पार्किंग, सड़कों का सुदृढ़ीकरण और भूमिगत विद्युत लाइनों सहित कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी जल्द कार्य शुरू होगा।

कार्यक्रम में महापौर शंभू पासवान, उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस आनंद राणा, जीजीआईसी प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजपाल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्राधिकरण अभियंता सुनील उप्रेती सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button